Hindustan Hindi News

इस दिन करेंगे यह उपाय तो प्रसन्न होंगी मां लक्ष्मी, घर-परिवार में आएगी संपन्नता

शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी को समर्पित है। इस दिन विधि-विधान से मां लक्ष्मी का पूजन करने से जीवन में संपन्नता और वैभव की प्राप्ति होती है। शुक्रवार को शुक्र ग्रह का दिन भी माना जाता है। शुक्र ग्रह सौंदर्य, ऐश्वर्य, वैभव, कला, संगीत एवं सभी प्रकार के सांसारिक सुखों के कारक माने जाते हैं। इस दिन मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए वास्तु में बताए कुछ उपाय अवश्य करने चाहिए। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।

शुक्रवार के दिन माता लक्ष्मी की पूजा कर व्रत करें। मां को दूध से बनी संफेद मिठाइयों का भोग लगाएं। मां को केसर से बनी खीर का भोग लगाएं। ध्यान रहे कि घर की उत्तर दिशा में कूड़ा-करकट, रद्दी या बेकार सामान नहीं रखना चाहिए। इस स्थान पर मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर का वास होता है। शुक्रवार के दिन तामसिक भोजन का सेवन न करें। इस दिन भूलकर भी किसी महिला का अपमान न करें। शुक्रवार के दिन किसी को चीनी उधार न दें। शुक्रवार के दिन घर या मंदिर में गंदगी नहीं होनी चाहिए। शुक्रवार रात गुलाबी रंग की रंगोली बनाकर मां लक्ष्मी की मूर्ति को उस पर रखना चाहिए। मां की मूर्ति के साथ श्रीयंत्र भी रखें। गुलाब की सुगंध वाली धूपबत्ती जलाकर मां को बर्फी का भोग लगाएं। हर शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी की मूर्ति के सामने 11 दिनों तक अखंड ज्योति प्रज्वलित करें। 11वें दिन माता के नाम पर 11 कन्याओं को भोजन कराएं। प्रत्येक शुक्रवार मां लक्ष्मी को लाल बिंदी, सिंदूर, लाल चुनरी और लाल चूड़ियां अर्पित करने से धन संबंधित सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं। हर शुक्रवार मां लक्ष्मी के मंदिर में लाल रंग के फूल अर्पित करें। शुक्रवार के दिन शाम के समय श्री सूक्त का पाठ करने से माता प्रसन्न होती हैं और धन की वृद्धि होती है। मां की उपासना करते समय गुलाबी रंग के वस्त्र पहनें। पूजा के समय उनके समक्ष कमल के फूल रखें और शंख बजाएं। इस दिन किसी जरूरतमंद को पीले वस्त्र दान करें। 

इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि यह पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।