Hindustan Hindi News

धनतेरस पर जरूर करें यह उपाय, खुल जाएंगे समृद्धि के रास्ते

कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान धनवंतरी का जन्म हुआ। इस दिन सोना, चांदी, बर्तन, झाड़ू, धनिया, मकान, वाहन आदि खरीदना शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि इस दिन बर्तन खरीदा जाए तो पात्र में जितनी धारण करने की क्षमता होती है उससे तेरह गुना धन और ऐश्वर्य प्राप्त होने के योग बनते हैं। धनतेरस के अवसर पर वास्तु से संबंधित कुछ विशेष उपाय अवश्य करने चाहिए। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में। 

धनतेरस के दिन माता लक्ष्मी, भगवान श्रीगणेश और धन के देवता कुबेर के स्वागत के लिए घर की अच्छे से सफाई कर लें। घर के मुख्यद्वार पर स्वस्तिक चिह्न बनाएं। घर के मुख्यद्वार पर माता लक्ष्मी के चरण चिह्न स्थापित करें। घर और पूजा घर के दरवाजे को बंदनवार से सजाएं। धनतेरस पर ध्यान रखें कि माता लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की मूर्ति नई हो। हरे, पीले और लाल रंग से रंगोली बनाएं। धनतेरस की पूजा में सुपारी का प्रयोग करें और पूजा के बाद सुपारी को तिजोरी में रखें। माना जाता है कि धनतेरस के दिन उल्लू का चित्र धन स्थान पर लगाने से धन आगमन बढ़ता है। माता लक्ष्मी को बताशा प्रिय है। धनतेरस की पूजा में बताशे का भोग लगाएं। घर के बाहर दीप माला बनाकर जलाएं। धनतेरस पर नमक खरीदना शुभ माना जाता है। धनतेरस के दिन पूरे घर में नमक का पोंछा लगाएं। इस त्योहार पर सेंधा नमक का टुकड़ा बेडरूम में रखने से पति-पत्नी के बीच अगर आपसी मनमुटाव है तो वह दूर हो जाता है। धनतेरस पर शाम के समय पीपल के पेड़ के नीचे दीया जलाएं। धनतेरस और दीपावली पूजन में दीये में रूई की बत्ती की जगह लाल रंग का धागा डालकर जलाएं। 

इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।