Hindustan Hindi News

यह उपाय अपनाएंगे तो सालभर घर में बनी रहेगी संपन्नता, बढ़ेगा वैभव

नए साल के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नई उमंग, नए उत्साह के साथ नए साल का स्वागत करें। पूरे साल खुशियां, समृद्धि और संपन्नता आपके घर में बनी रहें, इसके लिए वास्तु में बताए गए कुछ आसान से उपाय अपना सकते हैं। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में। 

नए साल के पहले दिन घर की सफाई करने के बाद हल्दी को गंगाजल में घोलकर एक पान के पत्ते से पूरे घर में छिड़काव करें। नए साल के आने से पहले बेकार हो चुकी चीजों को घर से बाहर कर दें। पुराने कपड़े, टूटे हुए जूते-चप्पल, रद्दी या लोहे की जंग लगी हुई चीजें नकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न करती हैं। इनको घर से बाहर कर दें। फटे-पुराने कपड़ों या चादरों से भी घर में नकारात्मक ऊर्जा बनती है। जिन घरों में साफ-सफाई होती है वहां संपन्नता का वास होता है। घर में बनने वाले मकड़ी के जाले हटा दें। मांसाहारी जानवरों की छवियां मन में नकारात्मक भाव पैदा करती हैं, इनको घर से हटा दें। देवी-देवताओं की पुरानी तस्वीरें या खंडित मूर्तियों से आर्थिक हानि होती है और करियर में रुकावटें आती हैं, अत: उन्हें किसी पवित्र नदी में प्रवाहित कर दें। भगवान कुबेर को संपन्नता का प्रतीक माना जाता है। इसलिए भगवान कुबेर की मूर्ति के अलावा कुबेर यंत्र घर में लाएं और घर के उत्तर-पूर्व कोण में कुबेर यंत्र की स्थापना करें। नए साल पर अपने घर के मुख्य द्वार पर भगवान श्रीगणेश की मूर्ति को लगाएं। घर के मुख्य द्वार पर घोड़े की नाल भी लगा सकते हैं। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा का घर में प्रवेश नहीं कर पाएगी। अपने प्रतिष्ठान पर मां लक्ष्मी का चित्र लगाएं। घर के मुख्य द्वार पर विंडचाइम लगा सकते हैं। नए साल पर अपने प्रिय को लाफिंग बुद्धा उपहार में दें। नए साल पर इनडोर प्लांट लगाना शुभ माना जाता है। नए साल पर घर में तुलसी का पौधा लगाएं। मान्यता है कि तुलसी का पौधा लगाने से साल भर घर में सुख-शांति बनी रहती है। नए साल पर सुख-समृद्धि के लिए घर में मोर पंख जरूर लाकर रखें। घर में मोती शंख रखने से सुख-समृद्धि बनी रहती है। वास्‍तुदोष दूर करने के लिए नए साल पर अपने घर में स्फटिक श्रीयंत्र की स्थापना कर सकते हैं। 

इस आलेख में दी गईं जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि यह पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें।