शनिवार का दिन न्याय के देवता भगवान शनिदेव को समर्पित है। सभी शुभ-अशुभ कर्मों का फल शनिदेव ही प्रदान करते हैं। शनिवार को भगवान शनिदेव और काल भैरव की सच्चे मन से उपासना करें। शनिदेव की कृपा से शनि दोष, साढ़े साती और ढैय्या से मुक्ति मिलती है। मान्यता है कि शनिवार के दिन उपवास करने से हर तरह की समस्याओं से छुटकारा मिल जाता है। शनिवार के दिन वास्तु में बताए गए कुछ उपाय अवश्य करना चाहिए, आइए जानते हैं इनके बारे में।
शनिवार की सुबह जल्दी उठकर आटे में शक्कर और काला तिल मिलाकर चीटियों को खिलाएं। इससे धन संबंधी परेशानियां दूर हो जाती हैं। शनिवार को जरूरतमंदों को काले तिल, काले रंग का कंबल और उड़द की दाल दान करें। घर में रोटियां बनाकर उस पर सरसों का तेल लगाकर काले कुत्ते को खिलाएं। ऐसा करने से दुर्घटनाओं से बचाव होता है। शनिवार को ही आटा पिसवाएं। इस उपाय को करने से तुरंत बाद आपको असर दिखने लगेगा। शनिवार को पीपल के पेड़ के नीचे देसी घी का दीपक जलाएं। शनिवार के दिन तिल या सरसों का तेल नहीं खरीदना चाहिए। इस दिन सरसों या तिल के तेल का दान करना शुभ माना जाता है। शनिवार के दिन लोहे की चीजें भी खरीदने से बचना चाहिए। इस दिन लोहे की वस्तुओं का दान करना चाहिए। शनिवार के दिन महिलाओं को बाल नहीं धोना चाहिए। शनिवार के दिन नमक नहीं खरीदना चाहिए। कहा जाता है कि शनिवार के दिन नमक खरीदने से कर्ज बढ़ता है। शनिवार के दिन मांस-मदिरा का सेवन न करें। शनिवार के दिन सूर्योदय से पहले एक कटोरी में सरसों का तेल रखें और उसमें अपना चेहरा देखें। चेहरा देखने के बाद उस तेल को दान कर दें। ऐसा करने से पारिवारिक समस्याओं से निजात मिलेगी।
इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।